पूर्वोत्तर रेलवे में 2467 पदों पर भर्ती की तैयारी, कर्मचारियों की सुविधाओं पर जोर।

Spread the love

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर में बुधवार को महाप्रबंधक उदय बोरवणकर की अध्यक्षता में एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस के साथ स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की दो दिवसीय बैठक का शुभारंभ हुआ। बैठक में रेलवे प्रशासन और यूनियन पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे में वर्तमान में 45,530 कर्मचारी कार्यरत हैं। बढ़ती रेल सेवाओं, दोहरीकरण और तीसरी लाइन जैसी परियोजनाओं को देखते हुए वर्ष 2025 में 2,467 पदों की भर्ती के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड को मांग-पत्र भेजा गया है। इसके अलावा 777 पदों को री-इंगेजमेंट के माध्यम से भरने का प्रस्ताव भी मंडलों को भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि कार्मिक विभाग द्वारा बीते वर्षों में बड़े स्तर पर डिजिटलाइजेशन किया गया है। एचआरएमएस के तहत 29 मॉड्यूल लागू किए गए हैं, जिनसे कर्मचारियों को ऑनलाइन सुविधाएं और शिकायत निवारण की व्यवस्था उपलब्ध हुई है। महिला कर्मचारियों के लिए भी डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है तथा कार्यस्थलों पर बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

महाप्रबंधक ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में लोको पायलट के 487 और गार्ड के 233 पद बढ़ाए गए हैं। विभिन्न विभागों में 1,666 रिक्तियों के लिए सीबीटी और टीबीटी के माध्यम से पारदर्शी चयन प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, जिसमें 1,211 कर्मचारी सफल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के आवास, अस्पतालों और मनोरंजन गृहों में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। अनुकंपा नियुक्तियों में भी तेजी लाई गई है तथा पिछले वर्ष 186 और इस वर्ष मई तक 56 नियुक्तियां प्रदान की जा चुकी हैं। रेलवे द्वारा तकनीकी शिक्षा और कर्मचारी कल्याण योजनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बैठक में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि सेवानिवृत्ति से रिक्त होने वाले पदों पर समयबद्ध पदोन्नति दी जा रही है तथा एमएसीपी मामलों की नियमित निगरानी की जा रही है। रेलवे विद्यालयों में अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति से छात्रों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस के केंद्रीय अध्यक्ष सुभाष दूबे ने कर्मचारियों की सुविधाओं, अस्पतालों में बेहतर सफाई व्यवस्था, ट्रैकमैनों की समस्याओं के समाधान तथा महिला कर्मचारियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने की मांग उठाई। वहीं महामंत्री अखिलेश पाण्डेय ने खेल कोटा भर्ती शुरू करने, आवासीय परिसरों में स्वच्छता और लाइन कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बैठक के पहले दिन वाणिज्य, विद्युत, चिकित्सा, परिचालन, कार्मिक, इंजीनियरिंग तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभागों से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई। शेष मुद्दों पर विभागवार विचार-विमर्श गुरुवार को किया जाएगा।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *