•आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम ने बस्ती में की बरामदगी, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2.75 करोड़ रुपये।
बस्ती। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) लखनऊ मंडल की स्पेशल टास्क टीम ने सत्याग्रह एक्सप्रेस के जनरल कोच से 5.5 किलोग्राम चरस बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.75 करोड़ रुपये आंकी गई है।
आरपीएफ से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, लखनऊ तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में स्पेशल टास्क टीम द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत गाड़ी संख्या 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन के एक जनरल कोच में संदिग्ध अवस्था में रखा एक लावारिस पैकेट मिला। तलाशी लेने पर उसमें 5.5 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
कार्रवाई में आरपीएफ के उप निरीक्षक राकेश कुमार प्रजापति, हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार सिंह, कांस्टेबल अनिरुद्ध कुमार मौर्य, दुर्गेश प्रसाद, अरविंद सिंह यादव, अमरनाथ, धर्मेंद्र यादव, देवेंद्र कुमार सिंह तथा सीआईबी गोरखपुर के हेड कांस्टेबल धीरेंद्र प्रताप सिंह शामिल रहे।
बरामद चरस को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए पोस्ट कमांडर बस्ती और अन्य आरपीएफ कर्मियों के सहयोग से राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) बस्ती के सुपुर्द कर दिया गया। मामले की जांच की जा रही है तथा मादक पदार्थ के स्रोत और इसके संभावित तस्करों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।