रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। धर्म नगरी मथुरा में श्री यमुने महारानी गौ सेवा समिति द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ प्रारंभ हो गया। कथा महोत्सव के अंतर्गत अग्र वाटिका से 71 महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भगवान के जयघोष के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सिर पर मंगल कलश धारण किए महिलाओं की शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही।
कलश यात्रा में समिति के संस्थापक संजय अग्रवाल नदवई वाले, अध्यक्ष नितिन गोयल, उपाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, सचिव माधव सराफ, कोषाध्यक्ष सौरव खंडेलवाल, योगेश आवा , भाजपा नेता ललित अग्रवाल,अमित कागजी, पंकज अग्रवाल सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया तथा भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
समिति के सचिव माधव अग्रवाल एवं सदस्य ललित अग्रवाल ने बताया कि योगीराज भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मभूमि पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ 1 जून से किया गया है। कथा में प्रतिदिन भगवान की विभिन्न लीलाओं एवं धार्मिक प्रसंगों का संगीतमय वर्णन किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कथा क्रम में 2 जून को शिव विवाह, 3 जून को नरसिंह अवतार, 4 जून को श्रीकृष्ण जन्म एवं नंद उत्सव, 5 जून को गोवर्धन पूजा, 6 जून को कंस वध एवं श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह, 7 जून को सुदामा चरित्र एवं भागवत समापन तथा 8 जून को शांति पाठ, हवन, ब्राह्मण भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से कथा में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।