बस्ती। जनपद के महत्वपूर्ण थाना पुरानी बस्ती के नए प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर राय ने शनिवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने अपराध एवं कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों की समीक्षा शुरू कर दी और पुलिस कर्मियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक राय के कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस ने कई आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा। इससे क्षेत्र में सक्रिय अराजक तत्वों को स्पष्ट संदेश मिला है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
श्री राय ने कहा कि थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, महिला अपराध, भूमि विवाद, छेड़छाड़, मारपीट तथा अन्य आपराधिक घटनाओं में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने आमजन से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जनता और पुलिस के बेहतर समन्वय से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। साथ ही थाना परिसर में आने वाले फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध एवं संवेदनशील निस्तारण किया जाएगा।
प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर राय की गिनती जिले के अनुभवी एवं कर्मठ पुलिस अधिकारियों में होती है। वह पूर्व में कोतवाली और सोनहा समेत कई महत्वपूर्ण थानों में प्रभारी निरीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके कार्यकाल में अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और बेहतर पुलिसिंग को लेकर किए गए प्रयासों की सराहना होती रही है।
स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों ने उनकी तैनाती का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं मिलेंगी।