सीतापुर पुलिस का विशेष अभियान: 30 वांछित और वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार।

Spread the love

सीतापुर। अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीतापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को कुल 30 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सबसे बड़ी कार्रवाई थाना पिसावां क्षेत्र में हुई, जहां 21 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इन पर मारपीट, धोखाधड़ी, शस्त्र अधिनियम, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ तथा आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में न्यायालय से वारंट जारी थे।थाना रामकोट पुलिस ने गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के तहत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। वहीं थाना सकरन पुलिस ने विभिन्न मामलों में वांछित दो आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की।

थाना अटरिया पुलिस ने भी गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमों के दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इसी क्रम में थाना मछरेहटा पुलिस ने एक वारंटी अभियुक्त को पकड़ा, जबकि थाना इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने चोरी से संबंधित मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1,250 रुपये नकद और एक सीलिंग फैन बरामद किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान गिरफ्तार सभी 30 अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें संबंधित न्यायालय में पेशी के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों और वारंटियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *