अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों में जुटा प्रशासन, 15 से 21 जून तक मनाया जाएगा योग सप्ताह

Spread the love

मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह जी की अध्यक्षता में 12वाँ अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस तथा दिनांक 15 से 21 जून 2026 तक योग सप्ताह मनाए जाने के संबंध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई संपन्न। जिलाधिकारी ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जाएं। जिलाधिकारी ने बताया कि 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” है।

बैठक के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा योग के विभिन्न मुद्रा, आसान एवं विधि को किया गया। आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित 5 मिनट के वाई-ब्रेक (Y-Break) प्रोटोकॉल के अंतर्गत योग प्रशिक्षक नीरज अरोरा द्वारा ताड़ासन, कटी- चक्रासन, अनुलोम विलोम, स्कंध चक्रासन, उत्तान – मंडूक आसान कराया गया।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में, जिला विद्यालय निरीक्षक को स्कूलों व कॉलेजों में, जिला पंचायत राज अधिकारी को समस्त ग्रामों में, नगर निगम को घाटों, प्रमुख मंदिरों, पार्कों में तथा मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण को सोसाइटी/ रेजिडेंशियल क्षेत्रों में योग कार्यक्रमों का आयोजन करने के निर्देश दिए।

बैठक में योग दिवस के मुख्य आयोजन स्थल, प्रतिभागियों की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, प्रचार-प्रसार तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योग दिवस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाए तथा योग को स्वस्थ जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने हेतु प्रेरित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि योग अपनाएं – स्वस्थ जीवन पाएं, हर दिन योग – हर पल निरोग, योग बने जीवन का आधार – स्वास्थ्य रहे सदा साकार, योग से तन स्वस्थ – मन प्रसन्न, योग है स्वास्थ्य का संकल्प – जीवन का सर्वोत्तम विकल्प, एक कदम योग की ओर – स्वस्थ और सुखी जीवन की ओर आदि टैग लाइन के माध्यम से लोगों को जागरूक करे तथा योग हेतु प्रेरित करे।

जिलाधिकारी ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।
योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य विरासत है, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं जीवन में संतुलन स्थापित करने में भी सहायक है।

वर्तमान समय में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए योग एक प्रभावी एवं सरल माध्यम है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर योग को जन-जन तक पहुंचाएं और स्वस्थ, सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।

बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ0 डिगम्बर सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विशाल कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा, जिला कमांडेंट होमगार्ड्स डॉ0 शैलेन्द्र प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक रघुवेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *