रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून 2026 तक प्रदेशभर में संचालित समेकित जन कल्याण एवं जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनपद सीतापुर में उद्यमियों एवं व्यवसायियों से संपर्क एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान एवं मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा उद्यमिता को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग संजीव सिंह ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, निर्यात प्रोत्साहन हेतु एमडीए योजना, तकनीकी उन्नयन योजना तथा एमएसएमई नीति-2022 सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों एवं लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। लाभार्थी जगदीश प्रसाद ने बताया कि उन्होंने ओडीओपी योजना के तहत 25 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर दरी उद्योग स्थापित किया है, जिसमें वर्तमान में 60 से 70 लोगों को रोजगार मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले वह निजी नौकरी करते थे, जिससे परिवार का भरण-पोषण कठिन था, लेकिन सरकारी योजना के सहयोग से आज वह सफल उद्यमी बन सके हैं।
इसी क्रम में आकांक्षा वर्मा ने ब्यूटी पार्लर व्यवसाय, शशी देवी ने अपने पति के साथ पगड़ी-साफा निर्माण कार्य तथा सुमित कुमार ने मशरूम उत्पादन इकाई के संचालन के अनुभव साझा किए। सभी लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत प्राप्त ऋण और सहयोग के लिए सरकार एवं उद्योग विभाग का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जनपद के प्रतिष्ठित उद्यमियों विजय बंसल, महेंद्र अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, कुलदीप सिंह, हाफिज मोहम्मद अकरम, संजय बंसल एवं इस्तियाक हुसैन को उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 20 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति के चेक तथा 11 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक रामकृष्ण भार्गव, जिला पंचायत अध्यक्षा श्रद्धा सागर, नगर पालिका परिषद सीतापुर की अध्यक्ष नेहा अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, एलडीएम सहित बड़ी संख्या में उद्यमी, व्यवसायी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।