प्रवक्ता परीक्षा-2025 को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से कराने के निर्देश, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की।

Spread the love

सीतापुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) परीक्षा-2025 आगामी 14 जून 2026 को जनपद के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर एक सत्र में पूर्वाह्न 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जनपद में कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, गोपनीय एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आयोग एवं शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं आवश्यक पुलिस बल की तैनाती करने तथा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत कमी न रहने पाए।

जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों के प्रवेश एवं निकास की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनधिकृत व्यक्तियों के आवागमन पर नियंत्रण रखा जाए। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आयुष चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र सिंह, पुलिस विभाग के अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *