मदरसे में फर्जीवाड़े का खुलासा: जीवित व्यक्ति को मृत दिखाकर परिजनों की कराई नियुक्ति, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

बस्ती। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर थाना पुलिस ने मदरसे में नियुक्ति से जुड़े एक चर्चित फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियुक्त ने धोखाधड़ी और कूटरचना के माध्यम से एक जीवित व्यक्ति को दस्तावेजों में मृत दर्शाकर अपने परिजनों की नियुक्ति करवा दी थी।

पुलिस के अनुसार, थाना नगर में दर्ज मुकदमा संख्या 149/2026 के तहत मामले की जांच की जा रही थी। जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक व्यक्ति को मृत दिखाया गया और उसके आधार पर अपने रिश्तेदारों को मदरसे में नियुक्ति दिलाने का प्रयास किया गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम जिसमें उप निरीक्षक सर्वेश कुमार चौधरी चौकी प्रभारी करहली थाना नगर व का0 चंद्रकांत पाण्डेय, राम सिंह यादव थाना नगर शामिल रहे; ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अब्दुर्रव (48 वर्ष) पुत्र बिसमिल्लाह निवासी ग्राम मटेरा, थाना नगर, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी क्षेत्र से बाहर भागने की तैयारी में था, लेकिन शुक्रवार सुबह फुटहिया क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *