गंगा दशहरा पर चमकेंगे मथुरा-वृंदावन के घाट, तैयारियां तेज।

Spread the love

मथुरा। नगर निगम ने 24 जून को मनाए जाने वाले गंगा दशहरा पर्व की तैयारियां तेज कर दी हैं। यमुना के घाटों पर स्वास्थ्य टीम, प्रकाश, जल समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी ताकि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय पर महापौर विनोद अग्रवाल व नगर आयुक्त जग प्रवेश ने अधीनस्थों के साथ बैठक की।

बैठक में यमुना के दोनों ओर पर बैरिकेडिंग, वस्त्र बदलने के कक्ष, गोताखोर और स्टीमर की व्यवस्था के निर्देश दिए। घाटों की सफाई, मरम्मत, सजावट और प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता के निर्देश अधीनस्थों को दिए।

बताया कि गहरे जल वाले स्थानों पर चेतावनी बैनर लगाए जाएंगे। घाटों के दोनों ओर खोया-पाया शिविर भी स्थापित किए जाएंगे।

महाप्रबंधक जल मोहम्मद अनवर ख्वाजा को शुद्ध पेयजल के लिए टैंकर और चल शौचालय की व्यवस्था के निर्देश दिए। घाटों और संपर्क मार्गों पर जलभराव का समाधान, अवैध होर्डिंग तथा बैनर हटाने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, अनिल कुमार और सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *