•दिल्ली में हुई कोर कमेटी की बैठक में निर्णय, नई कार्यकारिणियों के गठन की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू।
रिपोर्ट: विजय नागपाल
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास की अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रांतीय एवं जिला स्तर तक की सभी वर्तमान कार्यकारिणियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। यह निर्णय दिल्ली में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में लिया गया।
न्यास की ओर से जारी सूचना के अनुसार, वर्तमान कार्यकारिणी ने सफलतापूर्वक अपना तीन वर्षीय कार्यकाल पूर्ण कर लिया है। संगठन को वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं पूर्णतः डिजिटल स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
बताया गया कि न्यास के मुख्य संरक्षक वेद प्रकाश कटियार, अंतरराष्ट्रीय संरक्षक रूप सिंह नागर तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज के निर्देशानुसार संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय से लेकर जिला स्तर तक की सभी मौजूदा कार्यकारिणियों को भंग कर दिया गया है।
न्यास ने स्पष्ट किया है कि संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के लिए पुनर्गठन की आगामी कार्यवाही संगठन समिति के निर्देशन में संपादित की जाएगी। नई कार्यकारिणियों के गठन, संगठन विस्तार तथा विभिन्न स्तरों पर नई जिम्मेदारियों के संबंध में जानकारी समय-समय पर सार्वजनिक की जाएगी।
न्यास की ओर से विगत तीन वर्षों के दौरान सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं कृष्ण भक्तों द्वारा दिए गए योगदान, समर्पण और सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में भी धर्म, समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर सहयोग एवं सहभागिता की अपेक्षा जताई गई।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि पुनर्गठन के बाद न्यास को अधिक व्यवस्थित, तकनीकी रूप से सक्षम तथा व्यापक स्तर पर सक्रिय बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।