सुल्तानपुर। दूबेपुर ब्लॉक स्थित दिखौली गांव के अति प्राचीन शिव मंदिर परिसर में पूरे अधिमास के दौरान समाजसेवी मनोज सिंह के संयोजकत्व एवं ग्रामवासियों के सहयोग से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया। कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्म लाभ ले रहे थे।
कथा के दौरान एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने मौजूद लोगों को आश्चर्य और श्रद्धा से भर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कथा के मध्य मंदिर के चबूतरे पर एक नाग दिखाई दिया, जिसे लोगों ने आस्था के भाव से नागराज मानते हुए कथा श्रवण के लिए आया बताया। कथा वाचन कर रहे कथापीठाधीश्वर सतीश महाराज ने भी शांत वातावरण में कथा जारी रखी।
मौजूद लोगों का कहना है कि पूरे समय नाग किसी को नुकसान पहुंचाए बिना वहीं शांत रहा और श्रद्धालु भी बिना भय के कथा सुनते रहे। आरती सम्पन्न होने के बाद नाग स्वयं वहां से निकलकर खेतों की ओर चला गया। इस घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना रहा और कई श्रद्धालुओं ने इसे शिव कृपा एवं धार्मिक आस्था से जोड़कर देखा। हालांकि इस घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। कथा समापन के अवसर पर आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।