रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की 16वीं बैठक मंगलवार को वृंदावन स्थित लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन के सभागार में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एवं समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मंदिर प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने तथा खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मंदिर के स्वर्ण एवं रजत झूला, सिंहासन, सीढ़ी आदि की मरम्मत कार्य की प्रगति, मंदिर की पीली एवं सफेद धातु का मूल्यांकन, सफाई व्यवस्था के लिए प्राप्त निविदाओं, निधिवनराज की सेवा-पूजा के ठेके, मंदिर भवन के संरचनात्मक सर्वे, राजस्थान के कोटा जनपद स्थित मंदिर की भूमि संबंधी वाद, मंदिर में लंबे समय से तैनात पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण, वृंदावन की यातायात व्यवस्था, मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तथा खाद्य सामग्री की सैंपलिंग की प्रगति रिपोर्ट पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अशोक कुमार ने अपर नगर मजिस्ट्रेट वृंदावन राजकुमार चौधरी को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन एवं बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। इस पर अपर नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की चार संयुक्त टीमें गठित कर 6 जून से नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने, मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई तथा नगर निगम द्वारा जब्ती अभियान चलाया जा रहा है।
अध्यक्ष ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सतेंद्र कुमार सिंह को अवैध एवं अनधिकृत ई-रिक्शाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं सहायक निदेशक, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन धीरेंद्र प्रताप सिंह को मंदिर क्षेत्र में मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों को नष्ट कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में समिति के सदस्य एवं जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, समिति के सदस्य मुकेश मिश्रा, राजभोग समूह से शैलेंद्र गोस्वामी एवं रजत गोस्वामी, तथा शयनभोग समूह से गोपेश गोस्वामी एवं हिमांशु गोस्वामी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।