— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), चकदही में कौशल प्रशिक्षण से उद्यमिता विकास संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आईटीआई एवं कौशल विकास मिशन की ओर से विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कार्यक्रम का संचालन जिला प्रबंधक धीरेन्द्र विक्रम सिंह ने किया।
उद्योग विभाग के सहायक उपायुक्त सतीश ने उद्यमिता विकास की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए युवाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की विशेषताओं पर भी प्रकाश डाला तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाने का सुझाव दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नोडल प्रधानाचार्य उदय नारायण ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें कौशल आधारित शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन उदय नारायण, एमआईएस प्रबंधक धीरेन्द्र विक्रम सिंह, एमआईएस प्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्र, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. अख्तर सहित सभी ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।