रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। विश्राम घाट स्थित राम भवन में भव्य सुंदरकांड पाठ एवं धार्मिक आयोजन के साथ ‘नारी शक्ति स्वरूपा संगठन’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसीपी/सीओ आशना चौधरी एवं जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) गरिमा खरे उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने संगठन के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं के उत्थान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
संगठन की अध्यक्ष ज्योति चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथियों का स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मान किया तथा कहा कि संगठन का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक, कानूनी एवं आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में सशक्त बनाना है। उन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थित महिलाओं का स्वागत करते हुए संगठन की भावी योजनाओं की जानकारी दी।
महामंत्री गुंजन शर्मा ने बताया कि संगठन प्रत्येक माह सहायता शिविर आयोजित करेगा, जिसमें महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। वहीं उपाध्यक्ष राधिका रसिक ने कहा कि वह बालिकाओं के सर्वांगीण विकास और मार्गदर्शन के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी तथा संगठन के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगी।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजू यादव, देवेंद्र शर्मा, परशुराम शोभायात्रा समिति (रजि.) के अध्यक्ष पंडित रामगोपाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भागीदारी करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और महिला सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर गंगा रानी चतुर्वेदी, आरती चतुर्वेदी, रश्मि चतुर्वेदी, ममता, पिंकी उपाध्याय, आशा, शालू, कविता, रीना, सीमा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।