मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ आयोजित।

Spread the love

सुबाष यदुवंश बोले— सरकार की हर योजना का केंद्र अब आम नागरिक, 12 वर्षों में बदली देश की कार्य संस्कृति

संतकबीरनगर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हीरालाल रामनिवास डिग्री कॉलेज में भाजपा द्वारा ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सुबाष यदुवंश उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के साथ किया गया। जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

अपने संबोधन में नीतू सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णयों और विकासात्मक उपलब्धियों का साक्षी बना है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के कारण संतकबीरनगर में पार्टी लगातार सशक्त हो रही है।

मुख्य अतिथि सुबाष यदुवंश ने कहा कि पहले आम नागरिक को छोटी-छोटी सरकारी सुविधाओं के लिए लंबी प्रक्रियाओं और भागदौड़ का सामना करना पड़ता था, लेकिन पिछले 12 वर्षों में शासन व्यवस्था को नागरिक-केंद्रित बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अब व्यवस्था नहीं, बल्कि नागरिकों की सुविधा है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से करोड़ों लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाया गया है। आयकर में राहत, स्वास्थ्य सुरक्षा और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से आमजन का जीवन अधिक सरल, सुरक्षित और सम्मानजनक बना है।

उन्होंने केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री जन औषधि योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, अंत्योदय अन्न योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) जैसी योजनाओं को जनकल्याण की दिशा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पारदर्शी व्यवस्था और जनहितकारी नीतियां विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव रख रही हैं।

सम्मेलन में जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, विधायक गणेश चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष शेतभान राय, कार्यक्रम संयोजक ज्ञानेंद्र मिश्र, भूपेंद्र तिवारी, विनोद पांडेय, अर्जुन चौधरी, अमर राय, आदित्य यादव, किरण, सुनीता अग्रहरी, उषा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, अधिवक्ता, शिक्षक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *