अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सिद्धार्थनगर में हुआ भव्य आयोजन, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया योगाभ्यास।

Spread the love

सिद्धार्थनगर। शासन के निर्देशानुसार 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद सिद्धार्थनगर में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी प्रतिभागियों को दिखाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश गौसेवा आयोग के उपाध्यक्ष अतुल सिंह, डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, नोडल अधिकारी एवं सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अभिषेक प्रकाश तथा जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि अतुल सिंह ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और विश्वभर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि नियमित योगाभ्यास और संतुलित आहार स्वस्थ जीवन की कुंजी हैं। योग गंभीर बीमारियों से बचाव में भी सहायक है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि भारत ने पूरे विश्व को शांति, अहिंसा और करुणा का संदेश दिया है तथा योग भी भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। विधायक विनय वर्मा ने बच्चों में योग की आदत विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि नियमित योग से व्यक्ति निरोग रहता है।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने कहा कि प्रतिदिन योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है और अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया। इसके बाद मास्टर ट्रेनरों के निर्देशन में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

जिला प्रशासन ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर जनपद की सभी तहसीलों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों एवं विकास खंडों में भी व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नौगढ़ राहुल सिंह, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा संदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *