ब्रज को स्वच्छ बनाने के लिए चला महाअभियान, औरंगाबाद जोन में अतिक्रमण हटाकर 29 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।

Spread the love

मथुरा। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन नगरी मथुरा-वृन्दावन को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, नगर निगम मथुरा-वृन्दावन, मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण तथा ब्रज तीर्थ विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में 22 जून से 6 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता, प्रवर्तन, सौंदर्यीकरण एवं जन-जागरूकता महाअभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य संदेश “हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” रखा गया है।
महाअभियान के अंतर्गत मंगलवार को औरंगाबाद जोन में विशेष स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

नगर आयुक्त के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त श्रीमती कल्पना सिंह चौहान के नेतृत्व में दामोदरपुर से टाउनशिप तथा टाउनशिप से नवादा टेकमैन तक अवैध अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से सड़क किनारे लगे अवैध ठेले, खोमचे, होर्डिंग, बैनर सहित अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाकर जब्त किए गए। प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान मौके पर ही नियमों का उल्लंघन करने वालों से 29 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

नगर निगम मथुरा-वृन्दावन ने नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ ब्रज के निर्माण में अपना योगदान देते हुए “हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *