मंदिर परिसर में शराब पीने का विरोध करना पड़ा भारी, चौकीदार से मारपीट; मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी की मांग।

Spread the love

बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गनेशपुर चौकी अंतर्गत बंधुवा गांव स्थित माता मंदिर परिसर में शराब और सिगरेट पीने का विरोध करने पर गांव के चौकीदार के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बंधुवा गांव निवासी एवं चौकीदार अभयराम यादव पुत्र स्वर्गीय रामशब्द यादव मंगलवार की शाम करीब छह बजे गांव के पूर्व दिशा स्थित माता मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान चौखा गांव निवासी बीरू पुत्र रफ्फन, छोटू पुत्र रफ्फन तथा उनके कुछ साथी मंदिर परिसर में पहुंचे और वहां बैठकर शराब व सिगरेट का सेवन करने लगे।
चौकीदार द्वारा धार्मिक स्थल पर नशा करने का विरोध किए जाने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उन्हें हाथ-पैर में चोटें आईं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद शांत कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी घटनास्थल से भागते समय अपनी एक कार (यूपी-40 सी-4286) वहीं छोड़ गए, जबकि उनके अन्य साथी पहले ही मौके से फरार हो चुके थे।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर वाल्टरगंज पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अभयराम यादव ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *