फार्मासिस्ट एसोसिएशन की कार्यकारिणी का विस्तार, अवैध मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई की मांग

Spread the love

जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर मंथन, संगठन विस्तार और फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशन के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

बस्ती। अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन (एबीपीए) की जिला कार्यकारिणी के एक वर्ष पूर्ण होने पर शुक्रवार को रेड स्टार हॉस्पिटल स्थित मंडलीय कार्यालय में विशेष समीक्षा एवं रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक मंडल अध्यक्ष प्रमेन्द्र कुमार के संयोजन तथा जिलाध्यक्ष गिरिजेश सेन की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में पिछले एक वर्ष के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए वर्तमान कार्यकारिणी के कार्यों की सराहना की गई। सर्वसम्मति से आगामी कार्यकाल के लिए कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए वर्तमान पदाधिकारियों को पुनः जिम्मेदारी सौंपने का प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक में संगठन के विस्तार, ग्रामीण क्षेत्रों में नए सदस्यों को जोड़ने तथा जनपद में नवागत औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार एवं औषधि अनुज्ञापन अधिकारी श्रीमती दीपा लाल से शिष्टाचार भेंट की रूपरेखा भी तय की गई। साथ ही पूर्व ड्रग इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के योगदान का उल्लेख करते हुए उनके कार्यों की सराहना की गई।

इस दौरान फार्मासिस्टों और जनस्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में जनपद में अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोरों पर प्रभावी कार्रवाई, राज्य सरकार द्वारा नए फार्मासिस्ट कैडर के पुनर्गठन को शीघ्र लागू करने, फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशन का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा कफ सिरप की बिक्री संबंधी नए प्रावधानों में व्यावहारिक कठिनाइयों पर पुनर्विचार किए जाने की मांग उठाई गई।

बैठक में मंडल उपाध्यक्ष परमात्मा प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह, जिला सचिव अजय चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी धर्मनाथ, जिला सलाहकार श्याम मोहन चौधरी, धर्मेंद्र कुमार, अश्वनी चौधरी, पवन रौनियार, विजय कुमार, वीरेंद्र चौधरी सहित जनपद के अनेक फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *