सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह का रिहर्सल, तैयारियों को अंतिम रूप।

Spread the love

सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु में आगामी 29 जून को आयोजित होने वाले दशम दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को कुलपति प्रो. कविता शाह के निर्देशन में जन भवन से आई टीम की उपस्थिति में समारोह का व्यापक पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) किया गया।

रिहर्सल के दौरान जन भवन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप दीक्षांत समारोह के सभी कार्यक्रमों का क्रमवार अभ्यास कराया गया। इसमें विद्वत पदयात्रा, शैक्षणिक शोभायात्रा, उपाधि एवं स्वर्ण पदक वितरण सहित विभिन्न औपचारिकताओं का विस्तार से पूर्वाभ्यास किया गया। साथ ही कार्यक्रम की प्रत्येक गतिविधि की बारीकी से समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों एवं समितियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

कुलपति प्रो. कविता शाह ने कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय का अत्यंत महत्वपूर्ण और गरिमामय आयोजन होता है। इसकी सफलता के लिए प्रत्येक कार्यक्रम का निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पूर्वाभ्यास से आयोजन की कमियों को दूर कर कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि जन भवन से आई विशेषज्ञ टीम की मौजूदगी में सभी तैयारियों का परीक्षण किया जा रहा है, ताकि समारोह के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरा आयोजन गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

इस वर्ष दीक्षांत समारोह में एक महत्वपूर्ण बदलाव भी किया गया है। पहले स्वर्ण पदक एवं पीएचडी उपाधि प्राप्तकर्ताओं को छोड़कर अन्य सभी विद्यार्थियों का मंच से परिचय कुलसचिव द्वारा कराया जाता था, जबकि इस बार स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का मंच से परिचय संबंधित संकायाध्यक्ष देंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इससे विद्यार्थियों और संकायों की सहभागिता एवं सम्मान में वृद्धि होगी।

रिहर्सल के दौरान जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अविनाश प्रताप सिंह, कुलसचिव डॉ. अश्वनी कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. दीनानाथ यादव, तीनों संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *