रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर बीते दिवस परिवहन विभाग ने यातायात पुलिस एवं खनन विभाग के सहयोग से 20 एवं 21 जून को जनपद में दो दिवसीय विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई।
अभियान का संचालन वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश राजपूत, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सतेन्द्र कुमार सिंह तथा यात्रीकर अधिकारी संदीप चौधरी ने यातायात पुलिस एवं खान निरीक्षक के समन्वय से किया।
विशेष अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 97, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने पर 25, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने पर 7, शराब या नशीले पदार्थ के सेवन की स्थिति में वाहन चलाने पर 16, दोषपूर्ण अथवा एचएसआरपी नंबर प्लेट न होने पर 52 तथा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 44 वाहनों के चालान किए गए।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मार्गों पर संचालित बसों की भी आकस्मिक जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 17 बसों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
वहीं खनन विभाग के सहयोग से अवैध खनन एवं ओवरलोड वाहनों के खिलाफ भी संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना वैध प्रपत्रों के संचालन और ओवरलोडिंग के आरोप में 11 वाहनों का चालान किया गया तथा उनसे कुल 2.84 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया।
वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश राजपूत ने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा किसी भी स्थिति में शराब पीकर वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग और नशे की हालत में वाहन चलाना गंभीर अपराध होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।