संविधान हत्या दिवस पर 101 लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान, आपातकाल को बताया लोकतंत्र का काला अध्याय।

Spread the love

मथुरा। आपातकाल के 51 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महानगर (ब्रज क्षेत्र) के तत्वावधान में गुरुवार को परिणय गार्डन, मसानी लिंक रोड पर ‘संविधान हत्या दिवस’ एवं ‘लोकतंत्र रक्षक सेनानी सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 101 लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया तथा आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, विधायक श्रीकांत शर्मा, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, विधायक मेघश्याम सिंह एवं विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि सत्ता बचाने के लिए तत्कालीन सरकार ने देश के नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया और न्यायपालिका से लेकर प्रेस की स्वतंत्रता तक पर अंकुश लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान भी किया।

पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला दिन था। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक स्वार्थ में पूरे देश को भय और दमन के माहौल में धकेल दिया था। उन्होंने कहा कि आज संविधान की बात करने वालों के राजनीतिक पूर्वजों ने ही लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचाया था।

लोकतंत्र सेनानी विनोद टैटीवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाने वालों को मीसा और डीआईआर जैसे कानूनों के तहत जेलों में डालकर यातनाएं दी गईं, लेकिन उनका मनोबल नहीं टूटा। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किए जाने पर भाजपा संगठन और सरकार का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पुरुषोत्तम सिकरवार, महेंद्र कुमार अग्रवाल, बनवारी लाल शर्मा, नवाब सिंह, रेखा शर्मा, रविकांत गर्ग, विजय बहादुर, राजेश कुमार मंगला, गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी, राधाकृष्ण खंडेलवाल, गौरीशंकर अस्थाना, रोशनलाल, बांकेलाल अग्रवाल सहित कुल 101 लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया गया। आगरा, फिरोजाबाद और हाथरस से भी लोकतंत्र सेनानी समारोह में शामिल हुए।

कार्यक्रम का संचालन महामंत्री ज्ञानेंद्र राणा ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्याम सिंह अहेरिया, पूर्व महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु, डॉ. देवेंद्र शर्मा, वीरेंद्र अग्रवाल, कुंज बिहारी चतुर्वेदी, रामकिशन पाठक, ललित गौतम, दीपक गोला, पूजा चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *