कोचिंग सेंटर और होटल सील करने पर भड़की सपा, प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा।

Spread the love

मथुरा। समाजवादी पार्टी बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के बैनर तले सोमवार को मथुरा प्रशासन की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में कार्यकर्ताओं ने राजकीय छात्रावास से जिला मुख्यालय तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए होटल, गेस्ट हाउस और कोचिंग सेंटरों पर की गई सीलिंग को वापस लेने की मांग की गई।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मथुरा-वृंदावन विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अनिल अग्रवाल ने कहा कि बिना पूर्व नोटिस और पक्ष रखने का अवसर दिए होटल, गेस्ट हाउस तथा कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया गया, जिससे हजारों कर्मचारी, शिक्षक और अन्य लोग बेरोजगार हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों छात्रों का भविष्य भी प्रभावित हुआ है, जबकि 2 जुलाई से यूपी टीईटी परीक्षा प्रस्तावित है। उन्होंने मांग की कि सीलिंग से प्रभावित कर्मचारियों और शिक्षकों को तत्काल भरण-पोषण भत्ता दिया जाए।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद लोधी, महानगर उपाध्यक्ष देवेन्द्र निषाद तथा महानगर महासचिव संजय बीडीसी ने संयुक्त रूप से मांग की कि कोचिंग सेंटर, शिक्षण संस्थान, होटल और गेस्ट हाउसों को 100 दिन की सशर्त मोहलत देकर संचालित करने की अनुमति दी जाए। साथ ही स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा मानकों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एकल खिड़की व्यवस्था लागू की जाए, जिससे भ्रष्टाचार और मनमानी पर रोक लग सके।

समाजवादी पार्टी बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि प्रशासन तत्काल सीलिंग की कार्रवाई पर रोक लगाए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी बेरोजगार कर्मचारियों, शिक्षकों और छात्रों के साथ सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अनिल अग्रवाल, रमेश सैनी, डॉ. राजेंद्र प्रसाद लोधी, लुकेश कुमार राही, अभिषेक यादव, देवेन्द्र निषाद, संजय बीडीसी, देवेन्द्र आजाद, मुकेश नेताजी, संतोष सैनी, साहिल अग्रवाल, मनोज पंडित, मुकेश सैनी, लवकुश, राज गब्बर नेता, सचिन यादव, नरेश कुमार, मनीष सैनी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *