बस्ती। रामधनी सिंह नोहरा देवी राजकीय महाविद्यालय, कप्तानगंज की प्राध्यापिका डॉ. विद्यावती यादव को सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में ‘उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें 29 जून 2026 को आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के करकमलों से प्रदान किया गया। सम्मान के साथ उन्हें ₹5,000 की सम्मान राशि का चेक भी दिया गया।
हाल ही में प्रोफेसर पदनाम प्राप्त करने वाली डॉ. यादव की यह उपलब्धि राजकीय महाविद्यालय कप्तानगंज ही नहीं, बल्कि पूरे बस्ती मंडल के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। डॉ. यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता, सेवानिवृत्त शिक्षक रघुनंदन यादव तथा पति डॉ. मनुजेश कुमार को दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर्येंदु द्विवेदी सहित समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने डॉ. विद्यावती यादव को बधाई देते हुए इसे संस्थान के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बताया।