गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित विभिन्न समारोहों में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर उनके उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए सुखद, स्वस्थ एवं सफल भविष्य की कामना की गई।
महाप्रबंधक सभाकक्ष में आयोजित समारोह में अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने महाप्रबंधक के प्रोटोकॉल निरीक्षक आशुतोष कुमार सिन्हा को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि श्री सिन्हा ने रेल सेवा के दौरान पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया तथा अध्यात्म के प्रति उनकी गहरी आस्था प्रेरणादायक है।
वहीं, कार्मिक विभाग के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) मनोज कुमार ने 30 जून को सेवानिवृत्त हुए पांच राजपत्रित अधिकारियों तथा 17 अराजपत्रित रेलकर्मियों को सेवा प्रमाण-पत्र एवं समापक राशि से संबंधित दस्तावेज प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में लेखा विभाग में आयोजित समारोह में प्रधान वित्त सलाहकार अमरजीत गौतम ने दो राजपत्रित अधिकारियों और सात अराजपत्रित कर्मचारियों को सेवा प्रमाण-पत्र एवं समापक राशि के प्रपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी के दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना करते हुए रेल सेवा में उनके योगदान की सराहना की।
समारोहों में कार्मिक एवं लेखा विभाग के अधिकारी, विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन भी उपस्थित रहे।