•राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप ने छात्रवृत्ति, दिव्यांग पेंशन, शादी अनुदान और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप की अध्यक्षता में बस्ती मंडल की विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक निरीक्षण भवन में आयोजित की गई। बैठक में बस्ती, सिद्धार्थनगर और संत कबीर नगर जनपदों में संचालित पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में छात्रवृत्ति वितरण की स्थिति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि मंडल के तीनों जनपदों में पूर्वदशम छात्रवृत्ति के तहत 45,026 विद्यार्थियों को 2,059.10 लाख रुपये तथा दशमोत्तर छात्रवृत्ति के अंतर्गत 90,733 विद्यार्थियों को 5,576.73 लाख रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई।
पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के तहत वर्तमान वित्तीय वर्ष में बस्ती में 1,539, सिद्धार्थनगर में 1,631 तथा संत कबीर नगर में 1,200 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 3,825 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 687 लाभार्थियों को 137.40 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। वहीं ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है, जिसकी अंतिम तिथि 10 जुलाई निर्धारित है।
बैठक में बताया गया कि मंडल में छात्रावास योजना के अंतर्गत बस्ती में दो तथा सिद्धार्थनगर में एक छात्रावास संचालित है, जिनमें कुल 71 छात्र-छात्राएं निवास कर रहे हैं।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि दिव्यांगजन भरण-पोषण एवं कुष्ठावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 38,645 लाभार्थियों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन पूरा कर लिया गया है, जिनमें 38,419 लाभार्थी पात्र पाए गए। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 571 नए दिव्यांग पेंशन स्वीकृत किए गए हैं।
कॉक्लियर इम्प्लांट शल्य चिकित्सा अनुदान योजना के अंतर्गत 8 पात्र दिव्यांगजनों के लिए 48 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत अब तक 37 शिविरों के माध्यम से 598 दिव्यांगजन चिन्हित किए गए हैं। वहीं मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल योजना के अंतर्गत 45 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि बस्ती और सिद्धार्थनगर के बचपन डे-केयर सेंटरों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में निर्धारित 37 लक्ष्यों के सापेक्ष 8 लाभार्थियों का चयन किया जा चुका है। दुकान निर्माण एवं संचालन योजना में 31 लक्ष्यों के सापेक्ष 28 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
बैठक में प्रस्तावित विशेष विद्यालयों एवं डे-केयर सेंटरों के लिए भूमि उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि बस्ती के बचपन डे-केयर सेंटर में प्रथम तल की छत का निर्माण कार्य प्रगति पर है, संत कबीर नगर में समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया चल रही है तथा महगर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में बचपन डे-केयर सेंटर संचालित किए जाने का निर्णय लिया गया है। सिद्धार्थनगर में समेकित विशेष विद्यालय के लिए भूमि का चयन भी कर लिया गया है।
बैठक के अंत में राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा सरकार की प्रत्येक कल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए।
बैठक में उपनिदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग श्रीमती मोनिका लाल, उपनिदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग डॉ. संजय कुमार मालवीय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रवीश चन्द्र, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी बस्ती श्रीमती रेखा गुप्ता, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सिद्धार्थनगर राजन सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।