श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026 की तैयारियों की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता: मंडलायुक्त

Spread the love

मथुरा। गीता शोध संस्थान, वृंदावन परिसर स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय सभागार में मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026 (जन्माष्टमी) की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि जन्मोत्सव के दौरान जनपद के प्रमुख चौराहों, मार्गों एवं धार्मिक स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाया जाए। बिजली के खंभों पर तिरंगा लाइटिंग की व्यवस्था की जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुदृढ़ यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी से पहले यातायात डायवर्जन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त क्षमता, नंबरिंग तथा दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के सभी ओपन एयर थिएटर और ऑडिटोरियम में देश, प्रदेश एवं ब्रज के प्रसिद्ध कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर छोटे-बड़े मंच स्थापित कर जन्मोत्सव से सात दिन पहले से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन कराया जाए। साथ ही प्रमुख स्थलों पर सेल्फी प्वाइंट विकसित किए जाएं और जनपद में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर आकर्षक स्वागत द्वार बनाए जाएं।

मंडलायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था उच्च स्तर की होनी चाहिए। भंडारों के संचालन की अनुमति नियमानुसार समय पर दी जाए तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को सरल, सुगम और सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख स्थानों पर अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस तथा बाइक एंबुलेंस तैनात की जाएं। स्वास्थ्य शिविरों में 24 घंटे चिकित्सकों एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा निजी और सरकारी अस्पतालों की मैपिंग पहले से कर ली जाए।

इसके अलावा सूचना विभाग को एलईडी वैन एवं एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव दर्शन की व्यवस्था करने तथा होर्डिंग, स्टैंडी और अन्य प्रचार माध्यमों से जन्मोत्सव कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *