मथुरा: ‘स्कूल चलो अभियान फेज-2’ का भव्य शुभारंभ।

Spread the love

मथुरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) मथुरा परिसर में ‘स्कूल चलो अभियान फेज-2’ कार्यक्रम का अत्यंत भव्य और गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बलदेव विधानसभा के विधायक पूरन प्रकाश एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह उपस्थित रहे।

प्रशासनिक नेतृत्व के तौर पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. पूजा गुप्ता एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) श्रीमती रतन कीर्ति ने कार्यक्रम में शिरकत की। जिला पंचायत अध्यक्ष जी और विधायक जी ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण वह था जब मूक-बधिर (बोल और सुन न पाने वाले) बच्चों ने पूरी श्रद्धा के साथ साइन लैंग्वेज (सांकेतिक भाषा) में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। इसके बाद तीन दिव्यांग बच्चों ने अपनी अद्वितीय कलाकारी से उपस्थित जनसमूह को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।

वहीं एक अन्य दिव्यांग बच्चे ने, जिसके हाथ नहीं थे, उसने अपने पैरों से अत्यंत सुंदर लेखन करके दिखाया। बच्चों के इस अद्भुत दृढ़ संकल्प और हुनर से प्रसन्न होकर जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी और विधायक पूरन प्रकाश ने मंच से ही बच्चों को पुष्पमाला पहनाई और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने छात्र-छात्राओं को पाठन पुस्तकें वितरित कीं। साथ ही, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को मंच पर सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित विद्यालय आने और अपने भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने आसपास के प्रत्येक बालक-बालिका का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि अभिभावक बच्चों की ड्रेस और जूते-मोजे का पैसा कहीं अन्यत्र व्यय न करें।

बीएसए श्रीमती रतन कीर्ति ने कहा कि “मथुरा की है यही पुकार, शत-प्रतिशत नामांकन अबकी बार” के संकल्प के साथ यदि कोई भी बच्चा स्कूल न जाता हुआ पाया जाता है, तो उसे विद्यालय भेजने हेतु अभिभावकों से लगातार अपील की जा रही है।

कार्यक्रम के अगले चरण में विधायक, सीडीओ और बीएसए ने संयुक्त रूप से ‘स्कूल चलो रैली’ की मशाल प्रज्वलित की और हरी झंडी दिखाकर विशाल जागरूकता रैली को रवाना किया। इस रैली की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि मुख्य अतिथि, सीडीओ, बीएसए सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) और शिक्षकों ने पूरी रैली में एक साथ कदम से कदम मिलाकर पैदल मार्च किया और समाज को जागरूक किया।

इस अवसर पर मथुरा जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राकेश कुमार, गिरिराज सिंह, कैलाश प्रसाद शुक्ला, बुधसेन सिंह, दिनेश कुमार त्रिपाठी, कौशल कुमार, नरेंद्र कुमार, विनय प्रताप सिंह सहित भारी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं और बच्चे मौजूद रहे।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *