रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जनपद में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मथुरा पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए टटलू गैंग के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में कोसीकलां थाना क्षेत्र की शाहपुर चौकी के अंतर्गत ग्राम शाहपुर, नगला उटावर और नगला सिरोही में पुलिस टीम ने एक साथ दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने टटलू गैंग से जुड़े करीब 40 से 50 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया। सभी से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क, मुख्य सरगनाओं और ठगी के तौर-तरीकों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
पुलिस के अनुसार राजस्थान और हरियाणा की सीमा से सटे इन क्षेत्रों में लंबे समय से टटलू गिरोह की गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। गिरोह के सदस्य लोगों को नकली सोना, सस्ते दामों पर सामान अथवा अन्य आकर्षक लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। विश्वास जीतने के बाद उन्हें सुनसान स्थानों पर बुलाकर नकली धातु थमा कर उनकी रकम हड़प लेते थे।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान रफीक, अहमद, फैज, मुफीद, समून, अंगद, अब्बास, खुर्शीद, अनवर और जमाल सहित कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, आर्थिक लेन-देन और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को जनपद में अपराध पर नियंत्रण और संगठित ठगी करने वाले गिरोहों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।