रिपोर्ट: विजय नागपाल।
छाता (मथुरा)। तहसील छाता में बीते शनिवार को नवागत उपजिलाधिकारी अखिलेश कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 70 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के लिए भेजा गया।

समाधान दिवस के दौरान सबसे अधिक शिकायतें बिजली एवं राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और विद्युत व्यवस्था से नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीण, जिनमें महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग एवं युवा शामिल थे, तहसील परिसर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।
ग्रामीणों की भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी तत्काल सक्रिय हुए। उपजिलाधिकारी अखिलेश कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बिजली एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को लंबित मामलों में लापरवाही न बरतने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।