गोवर्धन में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनीं जन समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश।

Spread the love

मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बीते शनिवार तहसील गोवर्धन सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया था। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने भूमि विवाद एवं अन्य मामलों में संबंधित पक्षों की उपस्थिति में मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर जन समस्याएं सुनने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है। कोई भी फरियादी तहसील दिवस या किसी सरकारी कार्यालय से निराश होकर वापस न जाए, यह सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उप जिलाधिकारी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि गोवर्धन तहसील में कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया।

अन्य तहसीलों की स्थिति इस प्रकार रही—

  • महावन तहसील: 41 शिकायतें प्राप्त, 2 का मौके पर निस्तारण।
  • सदर तहसील: 34 शिकायतें प्राप्त, 5 का मौके पर निस्तारण।
  • छाता तहसील: 42 शिकायतें प्राप्त, 4 का मौके पर निस्तारण।
  • मांट तहसील: 47 शिकायतें प्राप्त, 7 का मौके पर निस्तारण।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष शिकायतों का भी निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *