रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। थाना जैंत पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या और लूट की वारदात में वांछित तीन आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, लूटा हुआ एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, 30 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई की रात करीब 10:35 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि थाना जैंत में दर्ज हत्या व लूट के मुकदमे (मु.अ.सं. 501/2026) से जुड़े आरोपी सुनरख-नगला कीकी रोड पर फिर से लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर थाना जैंत पुलिस और सर्विलांस टीम ने इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सियाराम (23) और रवि (24) निवासी गांव कमई, थाना बरसाना के बाएं पैर में गोली लगी। वहीं तीसरे आरोपी सचिन (19) निवासी कमई को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपियों को प्राथमिक उपचार के लिए 100 शैय्या संयुक्त अस्पताल, वृंदावन भेजा गया है।
यह हुई बरामदगी
- दो तमंचे (.315 बोर)
- दो जिंदा कारतूस
- तीन खोखा कारतूस
- लूटे गए 30 हजार रुपये
- लूटा हुआ एटीएम कार्ड
- लूटा हुआ मोबाइल फोन
- वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ मथुरा के विभिन्न थानों में पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।