मंडलायुक्त व डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, कांवड़ यात्रा की तैयारियों का भी लिया जायजा।

Spread the love

बस्ती। मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने संयुक्त रूप से टांडा-कलवारी पुल के आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलभराव, आवागमन की व्यवस्था, तटबंधों की सुरक्षा तथा संभावित जोखिम वाले स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।

इसके बाद अधिकारियों ने आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंध एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *