मिर्जापुर में शिवपाल यादव का भाजपा पर हमला, बोले- सपा सरकार बनने पर 300 यूनिट बिजली होगी मुफ्त।

Spread the love

मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मिर्जापुर दौरे के दौरान भाजपा सरकार की कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनहित के मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता और सरकारी कार्यालयों में आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों, किसानों, नौजवानों और आम जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और पूर्व सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।

शिवपाल यादव ने कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान कराए गए विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था को लेकर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आगामी समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

मिर्जापुर आगमन पर शिवपाल सिंह यादव का विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी, जगदंबा सिंह पटेल, रोहित शुक्ला, मुन्नी यादव, आकाश यादव, अजय पटेल, अनीश खान, कौशिक कुमार कनौजिया, अशोक मिश्रा, झल्लू यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं राणा प्रताप सिंह, वीरेंद्र यादव, विजय पटेल, मेवालाल प्रजापति, आकांक्षा यादव, शिवशंकर यादव, अशोक यादव, आशीष यादव और सुरेंद्र पटेल समेत हजारों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *