रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि।
मीरजापुर।
राजगढ़ थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी (ऑपरेशन) के नेतृत्व में राजगढ़ थाना पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर शक्तेशगढ़ रोड स्थित निर्माणाधीन चिड़ियाघर की बाउंड्री के अंदर छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक कुमार निवासी रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र), रवि कुमार एवं रविंदर राम निवासी थाना चांद (कैमूर-भभुआ, बिहार) तथा रामकेश उर्फ नसुड़ी निवासी थाना राजगढ़ (मीरजापुर) के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामदगी के आधार पर थाना राजगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में गिरोह के विभिन्न राज्यों में सक्रिय होने की जानकारी मिली है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।