बस्ती। जीडी गोयनका स्कूल, बस्ती के विद्यार्थियों ने इंडियन टैलेंट ओलंपियाड-2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में विद्यालय के दो विद्यार्थियों ने स्टेट टॉपर का स्थान प्राप्त किया, जबकि तीन अन्य विद्यार्थियों को एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
कक्षा 2 के छात्र मोहम्मद माज़ ने गणित विषय में स्टेट टॉपर बनकर ₹1000 की नकद पुरस्कार राशि, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त किया। वहीं कक्षा 4 की छात्रा वीहानी शर्मा ने अंग्रेज़ी विषय में स्टेट टॉपर का स्थान हासिल करते हुए ₹700 की नकद पुरस्कार राशि, पदक एवं प्रमाण-पत्र अर्जित किया।
इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 1 की मिशिता शर्मा (ड्रॉइंग), कक्षा 1 के आयांश चौधरी (हिंदी) तथा कक्षा 2 के रेयान चौरसिया (कंप्यूटर) शामिल हैं। इन सभी को विशेष पदक एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती हुमा वसीम ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
विद्यालय परिवार ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।