रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि।
मीरजापुर। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 23 एवं 24 जुलाई को जनपद मीरजापुर में “ऑपरेशन अज्ञात” के तहत विशेष अभियान चलाकर बिना नंबर प्लेट, विकृत या मानकविहीन नंबर प्लेट तथा बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के संचालित वाहनों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) के पर्यवेक्षण में प्रवर्तन अधिकारियों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 63 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 11 वाहनों को विभिन्न थाना क्षेत्रों में सीज (निरुद्ध) कर दिया गया।
अभियान के दौरान बिना वैध प्रपत्रों के संचालित तथा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना आवश्यक दस्तावेज, बिना एचएसआरपी, बिना नंबर प्लेट अथवा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रखा जाए।
इस अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), यात्री एवं मालकर अधिकारी तथा परिवहन विभाग के प्रवर्तन पर्यवेक्षक और प्रवर्तन सिपाहियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।