केके मिश्रा संवाददाता।
खलीलाबाद / संत कबीर नगर:
सारनाथ (वाराणसी) में आयोजित ‘सीबीएसई क्लस्टर V एथलेटिक्स चैंपियनशिप (2026-27)’ में उदया इंटरनेशनल स्कूल (भुजैनी, खलीलाबाद) के होनहार धावक मनीष गुप्ता ने अपनी अद्भुत खेल प्रतिभा का परिचय देते हुए दोहरा इतिहास रच दिया है। मनीष ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर और 200 मीटर दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर दो स्वर्ण पदक (Gold Medals) अपने नाम किए।
एम.एल. पब्लिक स्कूल, सारनाथ (वाराणसी) में आयोजित इस प्रतियोगिता में मनीष ने 200 मीटर दौड़ को मात्र 24.74 सेकेंड में पूरा कर पहला स्वर्ण पदक जीता, वहीं 100 मीटर की फर्राटा दौड़ में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्वर्ण पदक हासिल कर विद्यालय व पूरे जिले का मान बढ़ाया।
इस स्वर्णिम सफलता पर विद्यालय के अध्यक्ष (चेयरमैन) श्री उदय राज तिवारी, प्रबंध निदेशक (एमडी) श्री अंकित राज तिवारी एवं प्रधानाचार्य श्री बसंत कुमार सेनापति ने एथलीट मनीष गुप्ता को शुभकामनाएं व आशीर्वाद देते हुए उनके जीवन के हर पड़ाव पर इसी तरह सफलता हासिल करने की कामना की।
विद्यालय के अध्यक्ष श्री उदय राज तिवारी ने इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों के नाम एक विशेष संदेश जारी करते हुए छात्र जीवन में खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, निरंतरता और नेतृत्व क्षमता जैसे गुणों का भी सिंचन करते हैं।