रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। कांवड़ यात्रियों को लेकर एक मौलाना की कथित टिप्पणी पर ब्रजभूमि के संतों और सनातन संगठनों में नाराजगी देखने को मिल रही है। संतों ने बयान की निंदा करते हुए संबंधित मौलाना के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि मौलाना ने अपने बयान में कथित रूप से कहा है कि जो लोग कांवड़ यात्रा के दौरान शराब, भांग, स्मैक या गांजा का सेवन करते हैं, लूटपाट करते हैं अथवा पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करते हैं, वे शिवभक्त नहीं बल्कि “आतंकवादी” हैं। इस टिप्पणी से सनातन समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
दिनेश फलाहारी महाराज ने आरोप लगाया कि संबंधित मौलाना पूर्व में भी सनातन धर्म के प्रति विवादित बयान देता रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करते हैं और प्रशासन को मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
ब्रजभूमि के अन्य संतों ने भी मौलाना के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया तथा दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।


