रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। जनता की शिकायतों एवं समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए शनिवार को जिले की सभी सात तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील सिधौली में जिलाधिकारी डाॅ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की अध्यक्षता में शिकायतें सुनी गईं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए निर्देशित किया।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि संबंधित अधिकारी आवश्यकतानुसार मौके पर पहुंचकर शिकायत का स्थलीय सत्यापन करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
सिधौली में 272 में 43 शिकायतें निस्तारित
तहसील सिधौली में कुल 272 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 43 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं तहसील सदर में 55 में से 6, महोली में 31 में से 6, मिश्रिख में 54 में से 6, महमूदाबाद में 36 में से 7, लहरपुर में 39 में से 4 तथा बिसवां तहसील में प्राप्त 48 शिकायतों में से 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस प्रकार जिले की सातों तहसीलों में कुल 535 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 79 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी सिधौली अवनीश मिश्रा, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


