रिपोर्ट: विजय नागपाल।
नंदगाँव। विश्व प्रसिद्ध नंद बाबा मंदिर में शुक्रवार को प्राचीन सनातन परंपरा के अनुसार जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर पूरा नंद बाबा मंदिर आकर्षक विद्युत सजावट से दुल्हन की तरह सजा नजर आया। रंग-बिरंगी रोशनी से नहाया नंद महल श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।
जन्माष्टमी के अवसर पर संध्या समय नंदगाँव एवं बरसाना के गोस्वामीजनों द्वारा संयुक्त रूप से बधाई समाज का गायन किया गया। इसके बाद रात्रि 10 बजे से ढी-ढाढ़ी एवं ढाढ़िन लीला का जीवंत मंचन हुआ। मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के महाजन्माभिषेक के बाद विशेष आरती के दर्शन हुए। मंदिर में देर रात तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही।
नंदलाल के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में नंद बाबा मंदिर को तीन दिनों के लिए विशेष विद्युत सजावट से सजाया गया है। मंदिर के सेवायत पुजारी गोपाल गोस्वामी ने बताया कि नंदगाँव निवासी दान बिहारी चौधरी (दानो नेता) द्वारा मंदिर में तीन दिनों के लिए भव्य सजावट कराई गई है। हाथरस से आए विशेष कुशल कारीगरों द्वारा मंदिर को आकर्षक रूप प्रदान किया गया है।
रविवार को होगा प्रसिद्ध नंद महोत्सव
जन्माष्टमी के बाद रविवार को नंद भवन में प्राचीन परंपरा के अनुसार प्रसिद्ध नंद महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें भाढ़-बधाई, लट्ठा का मेला, मल्ल युद्ध और शंकर लीला सहित विभिन्न पारंपरिक आयोजन होंगे।
नंद महोत्सव के दौरान बधाई के रूप में श्रद्धालुओं के बीच मिठाई, पकवान, खेल-खिलौने एवं वस्त्र आदि लुटाए जाएंगे। वहीं भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।
नंद बाबा मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. भुवनेश गोस्वामी ने बताया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष पोतरा एवं पंजरी प्रसाद वितरित किया गया।


