•शाहीन-नफीसा से मिले डॉ. शेख, बोले- महिलाओं के सम्मान से समझौता नहीं।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मालवीय नगर। वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख ने अपनी टीम के साथ पत्रकार शाहीन और नफीसा के मालवीय नगर स्थित आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों पत्रकारों से हुई कथित पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली और मामले में निष्पक्ष जांच तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
डॉ. शेख ने कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का कथित दुर्व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने कहा कि शाहीन और नफीसा पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और उनके साथ हुई घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी दोनों के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक मामले को उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि देश के मीडिया संस्थानों, मुस्लिम राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को एक मंच पर आकर महिलाओं के अधिकारों से जुड़े ऐसे मामलों को उठाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
इस मौके पर मौलाना जाविद सिद्दीकी ने घटना को अफसोसजनक बताते हुए कहा कि महिलाओं के साथ इस प्रकार का व्यवहार नहीं होना चाहिए। फिरोजपुर झिरका से आए लुकमान ने कहा कि सरकार के ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ के संदेश के अनुरूप महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
सामाजिक महिला कार्यकर्ता इशरत ने कहा कि शाहीन और नफीसा को न्याय मिलने तक वह उनके साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने कहा कि महिला चाहे किसी भी धर्म से संबंधित हो, उसके अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए आवाज उठाई जानी चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. अजहर अली शेख, परवीन, मुकीम, रहीस, अकरम सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


