रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। पारिवारिक उत्सव को विद्यालय के विकास और बच्चों की शिक्षा से जोड़ते हुए उच्च प्राथमिक विद्यालय शेरनी में कार्यरत सहायक अध्यापक करनपाल सिंह ने अनुकरणीय पहल की है।
उन्होंने 2 सितंबर को अपने पुत्र के जन्मदिन के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए एक कंप्यूटर भेंट किया। विद्यालय में कंप्यूटर लैब/आईसीटी कॉर्नर का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने फीता काटकर किया।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक करनपाल सिंह के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर जन्मदिन और अन्य पारिवारिक अवसरों पर अनावश्यक खर्च करते हैं, लेकिन शिक्षक ने अपने बेटे के जन्मदिन को परिषदीय विद्यालय के बच्चों के भविष्य को संवारने से जोड़कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। ऐसे व्यक्तिगत प्रयासों से परिषदीय विद्यालयों के बच्चे भी आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जुड़कर शिक्षा की मुख्यधारा में आगे बढ़ सकते हैं।
आईसीटी आधारित डिजिटल शिक्षण का मिलेगा लाभ
विद्यालय को कंप्यूटर मिलने से छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई। अब बच्चे नियमित रूप से आईसीटी (सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी) आधारित डिजिटल शिक्षण का लाभ उठा सकेंगे। इससे उनकी सीखने की प्रक्रिया अधिक रोचक, सहज और प्रभावी होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम में विकास खंड राया के एआरपी राजीव कुमार शर्मा एवं अनुपम तथा नोडल संकुल सुशील कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी शिक्षक की पहल का स्वागत करते हुए इसे नवाचारी सोच का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ, स्थानीय संभ्रांत नागरिक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


