•गृह विज्ञान प्रयोगशाला में छात्राओं को दिया गया रचनात्मक एवं प्रयोगात्मक प्रशिक्षण।
रिपोर्ट: अभिनव अग्रवाल।
नजीबाबाद। राजा चरत सिंह इंटर कॉलेज, साहनपुर में शुक्रवार को गृह विज्ञान प्रयोगशाला में छात्राओं को ब्लॉक पेंटिंग एवं बांधनी कला का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रूमाल एवं कुर्ते पर आकर्षक डिजाइनों में ब्लॉक पेंटिंग तथा बांधनी का कार्य किया।


गृह विज्ञान शिक्षिका श्रीमती शिल्पी वर्मा के निर्देशन में छात्राओं ने वस्त्रों की सज्जा की विभिन्न तकनीकों को प्रयोगात्मक रूप से सीखा। छात्राओं ने रंगों एवं डिजाइनों का सुंदर संयोजन करते हुए साधारण वस्त्रों को आकर्षक एवं कलात्मक रूप प्रदान किया। इस गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को पारंपरिक कला के साथ-साथ रचनात्मकता, कौशल विकास और स्वावलंबन की दिशा में भी प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण में अमीर जहां, दीपांशी, अलीशा, प्रिया, पायल, दामिनी, गायत्री, ज्योति, इल्मा, आंचल, खुशबू सहित अन्य छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और वस्त्र परिसज्जा की बारीकियां सीखीं।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पाठ्यक्रम के साथ-साथ पाठ्य सहगामी क्रियाकलापों एवं प्रयोगात्मक प्रशिक्षण का विशेष महत्व है। उन्होंने छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, कौशल एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करते हैं।
विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि से छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की रचनात्मक एवं कौशलपरक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की इच्छा व्यक्त की।


