के के मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। उदया इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, उपस्थिति एवं सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावकों और शिक्षकों के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करना रहा।



कार्यक्रम विद्यालय के चेयरमैन श्री उदय राज तिवारी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से आयोजित किया गया। इस अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर श्री अंकित राज तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मार्गदर्शन प्रधानाचार्य श्री बी. के. सेनापति ने किया। वहीं, बैठक के सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन में समन्वयक श्री मनप्रीत सिंह एवं सुश्री पुष्पांजलि सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बैठक के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को उनके पाल्यों की शैक्षणिक उपलब्धियों, उपस्थिति, कक्षा में सहभागिता, अनुशासन, व्यवहार तथा सुधार के क्षेत्रों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की। अभिभावकों ने भी शिक्षकों के साथ सक्रिय रूप से संवाद करते हुए अपने सुझाव एवं विचार साझा किए तथा विद्यार्थियों की प्रगति से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं गुणवत्तापूर्ण विकास के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग अत्यंत आवश्यक है। अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा एवं अनुशासन पर नियमित ध्यान देने तथा विद्यालय के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया गया।
अभिभावक-शिक्षक बैठक सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता, सहयोग एवं विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।


