•बच्चों से पढ़वाई पुस्तक, बेहतर प्रदर्शन पर छात्रा की प्रशंसा; साफ-सफाई को लेकर दिए निर्देश।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. ने सोमवार को विकासखंड परसेण्डी के उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एमडीएम शेड की साफ-सफाई व्यवस्था देखी और प्रधानाध्यापक से विद्यालय में बच्चों की संख्या की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों एवं बच्चों की उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया। इसके बाद रसोईघर पहुंचकर उन्होंने बच्चों के लिए तैयार किए गए भोजन की गुणवत्ता परखी और भोजन की साफ-सफाई एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
कक्षा-2 में पहुंचकर जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद किया तथा एक छात्रा से पुस्तक पढ़वाई। छात्रा द्वारा पुस्तक सही ढंग से पढ़े जाने पर जिलाधिकारी ने उसकी प्रशंसा करते हुए उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि एमडीएम शेड की साफ-सफाई के साथ जलपान एवं भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मिड-डे-मिल के तहत तैयार होने वाले भोजन की गुणवत्ता प्रधानाध्यापक स्वयं परखें तथा बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी करें, जिससे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित हो सके।
विद्यालय परिसर में वाल पेंटिंग पर संदेश स्पष्ट रूप से अंकित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक की प्रशंसा भी की। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छता और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।


