थाना कोतवाली शहर की साइबर टीम की कार्रवाई, पीड़ित ने पुलिस टीम का जताया आभार
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि।
मीरजापुर। इंस्टाग्राम के माध्यम से ऑनलाइन खरीदारी के दौरान साइबर ठगी के शिकार हुए युवक के खाते से ठगी गई 18,658 रुपये की धनराशि थाना कोतवाली शहर की साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने साइबर टीम का आभार जताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, तरकापुर (नई बस्ती), थाना कोतवाली शहर निवासी अंशुमान दुबे पुत्र स्वर्गीय मधुकांत दुबे ने 21 मई 2026 को ऑनलाइन फ्रॉड की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन खरीदारी के दौरान वह साइबर ठगी का शिकार हो गया था। शिकायत का एनसीआरपी पोर्टल नंबर 23105260097351 था।
शिकायत प्राप्त होने के बाद थाना कोतवाली शहर की साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए ठगी की गई 18,658 रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
खाते में धनराशि वापस आने के बाद पीड़ित अंशुमान दुबे ने साइबर सेल टीम की प्रशंसा करते हुए पुलिस का धन्यवाद किया। इस दौरान पुलिस टीम ने पीड़ित को साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी तथा अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
साइबर सेल टीम
- उपनिरीक्षक दयाशंकर ओझा, थानाध्यक्ष, थाना कोतवाली शहर, मीरजापुर।
- महिला कांस्टेबल पारुल श्रीवास्तव, थाना कोतवाली शहर, मीरजापुर।


