प्रयागराज। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अमर उजाला, प्रयागराज की ओर से सिविल लाइंस स्थित धरना स्थल से गुरुवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने तिरंगा लहराकर एवं हरी झंडी दिखाकर किया। मंत्री नंदी ने खुली जीप में सवार होकर पूरे मार्ग में रैली की अगुवाई की।




तिरंगा रैली सिविल लाइंस धरना स्थल से शुरू होकर सुभाष चौराहा और हनुमान मंदिर होते हुए पुनः सिविल लाइंस स्थित धरना स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल नजर आया और लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।
रैली में बीएसएफ, आरएएफ एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में व्यापारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। तिरंगा रैली में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल, भारतीय वैश्य चेतना महासभा तथा अखिल भारतीय हिंदू महासभा व्यापार प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
व्यापारी संगठनों की सहभागिता का नेतृत्व मंडल प्रभारी एवं जिला अध्यक्ष रमेश केसरवानी ने किया। रैली के दौरान तिरंगे के साथ देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। आयोजन ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।


