•पांच माह में 518 मोबाइल बरामद, 1.51 करोड़ रुपये आंकी गई कीमत; सर्विलांस टीम को मिलेगा 25 हजार का पुरस्कार।
रिपोर्ट: सुनील पाण्डेय।
महराजगंज। तकनीक आधारित पुलिसिंग के जरिए महराजगंज पुलिस ने खोए और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सर्विलांस सेल ने CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से 101 मोबाइल फोन बरामद किए। इन मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पिछले पांच माह के दौरान जनपद में कुल 518 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.51 करोड़ रुपये है। बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया गया।
सर्विलांस सेल ने मोबाइल फोन के IMEI नंबर की ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण और CEIR पोर्टल का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन तलाशे। प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने यह सफलता हासिल की।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लोगों ने महराजगंज पुलिस और पुलिस अधीक्षक का आभार जताया।
इस मौके पर एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने सर्विलांस सेल की टीम की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। वर्तमान समय में तकनीक आधारित पुलिसिंग बेहद जरूरी है और CEIR जैसे प्लेटफॉर्म के प्रभावी इस्तेमाल से नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा में मदद मिल रही है।
एसपी ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर उसे ब्लॉक कराएं और नजदीकी थाने अथवा सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।
बरामदगी करने वाली टीम
कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी शिवानंद पासवान, मुख्य आरक्षी मो. कुतुबुद्दीन, मुख्य आरक्षी राजकुमार राजभर, मुख्य आरक्षी आलोक पाण्डेय, आरक्षी सुधीर कुमार यादव, आरक्षी सूरज गुप्ता, आरक्षी नीरज कुमार गोंड सहित जनपद के विभिन्न थानों पर CEIR पोर्टल पर नियुक्त कर्मचारी शामिल रहे।


